नीलबड़ में गणेशोत्सव की धूम, शिव विहार की भव्य झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
भोपाल (संदीप पंडा)। नीलबड़ स्थित शिव विहार कॉलोनी में गणेशोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है। यहां श्री गणेश उत्सव समिति, शिव विहार कॉलोनी द्वारा भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक झांकी सजाई गई है। झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिमा के दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालु इसकी भव्यता और आकर्षक सजावट को देखकर अभिभूत नजर आ रहे हैं। 12 दिवसीय गणपति उत्सव के दौरान समिति द्वारा प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कॉलोनी के रहवासी एवं श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। 18 सितंबर को मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। वहीं 19 सितंबर को ब‘चों की डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
आज होगा महाआरती का आयोजन
गणेशोत्सव के तहत आ ज महाआरती का विशष आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री गणेश की आरती एवं दर्शन का लाभ लेने की अपील की गई है। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
हर वर्ष भव्य आयोजन की परंपरा
श्री गणेश उत्सव समिति शिव विहार कॉलोनी द्वारा प्रतिवर्ष गणेशोत्सव के दौरान इसी तरह भव्य आयोजन किए जाते हैं। समिति के सदस्यों द्वारा कई दिनों पहले से तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं, ताकि श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का बेहतर अनुभव मिल सके। इस बार भी आकर्षक सजावट और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शिमला प्रोटीन्स और करोंद के राजा की झांकी भी आकर्षण का केंद्र
वहीं श्यामला हिल्स स्थित शिमला प्रोटीन्स के पास सजाई गई गणेश जी की आकर्षक झांकी भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसी तरह करोंद के राजा की भव्य प्रतिमा के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। दोनों स्थानों पर आकर्षक सजावट और भगवान श्री गणेश की मनमोहक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं। गणेशोत्सव के चलते नीलबड़ सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठता है।








