भोपाल (संदीप पंडा)। नीलबड़ स्थित शिव विहार कॉलोनी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। गणेश उत्सव समिति द्वारा इस बार ‘नीलबड़ के राजा’ के भव्य आगमन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इस वर्ष भगवान गणेश की प्रतिमा का आकार पिछले वर्षों की अपेक्षा बड़ा रहेगा, जिससे आयोजन का आकर्षण और बढऩे की उम्मीद है।
गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष ने बताया कि हर वर्ष समिति का प्रयास रहता है कि गणेश उत्सव को पहले से अधिक भव्य और श्रद्धापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए। इसी उद्देश्य को लेकर इस बार की तैयारियां लगभग तीन माह पूर्व से ही शुरू कर दी गई थीं।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को झांकी में भगवान गणेश की प्रतिमा विधिवत स्थापित की जाएगी। इसके बाद शिव विहार कॉलोनी के रहवासी प्रतिदिन सुबह-शाम भगवान गणेश की आरती एवं पूजा-अर्चना करेंगे और ‘नीलबड़ के राजा’ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। गणेश उत्सव को लेकर कॉलोनी में उत्सव जैसा माहौल बनने लगा है। समिति द्वारा आयोजन को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को इस बार गणेश उत्सव में विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा।








