इंफाल(आरएनएस)। मणिपुर के दो घाटी जिलों में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, चारों गिरफ्तारियां बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर की गईं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, असम राइफल्स और गढ़वाल राइफल्स को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इंफाल पूर्वी जिले के माना इंगखोल इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर से जुड़े 28 वर्षीय एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया।इसी तरह इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग इलाके में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के 44 वर्षीय एक सदस्य को पकड़ा गया। सुरक्षा बलों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों में एक प्रतिबंधित कांगलेई याओल कन्ना लुप का सक्रिय सदस्य है। उसे इंफाल पश्चिम जिले के सागोलटोंगबा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। वहीं, चौथे आरोपी को इंफाल पूर्वी जिले के अहल्लुप इलाके से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, उसका संबंध कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के नोंगद्रेनखोंबा गुट से बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि गिरफ्तार आरोपियों की प्रतिबंधित संगठनों में क्या भूमिका थी और वे किन गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मामले से जुड़े अन्य लोगों तथा संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मणिपुर में उग्रवादी गतिविधियों के बीच कुछ दिन पहले कांगपोकपी जिले में भी एक वाहन को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया गया था। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान तेज कर दिया था।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां राज्य में प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। ताजा गिरफ्तारियों को भी इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
००








