नई दिल्ली, (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होंगे।नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद पिछले 25 वर्षों से उनका जनसेवा और राष्ट्रसेवा का सफर लगातार जारी है।भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को इस रूप में देखा जा सकता है कि पहले दिन से उनके मन में जो ध्येय और संकल्प रहे, उन्हें उन्होंने लगातार पूरा करने का प्रयास किया और अनेक संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। नितिन नबीन ने इसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व, सोच और नीतियों का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि करीब 80 करोड़ लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराना, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोडऩा और करीब 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कर लोगों के जीवन में बदलाव लाना बड़े स्तर के काम हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान देश में करीब 200 करोड़ मुफ्त टीके लगाए गए। इसके अलावा गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने और उनकी जीवन-स्थितियों को बेहतर बनाने की प्रधानमंत्री की लगातार कोशिश रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ था और आज वह देश के प्रधान सेवक के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सफर उनके दृढ़ संकल्प और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की निरंतर कोशिश को दर्शाता है।
नितिन नबीन ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश का नेतृत्व संभाला था, उस समय देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। भारतीय अर्थव्यवस्था को उस समय ‘कमजोर पांच’ देशों की श्रेणी में गिना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की अलग पहचान बनी है तथा देश की प्रतिष्ठा और सम्मान में लगातार वृद्धि हुई है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 37 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि ये सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के पुरुषार्थ और सामूहिक प्रयास का सम्मान है।
नितिन नबीन ने कहा कि एक समय देश में आतंकवाद को आम जीवन के लिए बड़ी चुनौती माना जाता था और लोगों के मन में हमेशा भय बना रहता था। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बाहरी और आंतरिक दोनों स्तरों पर सुरक्षा को मजबूत किया है तथा देशवासियों को अधिक सुरक्षित वातावरण देने का काम किया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि देश के विकास में प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। इसी सोच के तहत पार्टी ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जनभागीदारी के माध्यम से 25 अलग-अलग विषयों पर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने लोगों से अभियान में शामिल होकर अपना समय, श्रम और मन समाजसेवा के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।








