नवीन पॉली ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, 16 दिनों में 251 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई

Join Us

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों मलयालम फिल्म ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ शानदार प्रदर्शन कर रही है। नवीन पॉली अभिनीत इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बना ली और अब कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। फिल्म ने 16 दिनों में भारत में 100 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध कारोबार कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 250 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है।
फिल्म की लगातार मजबूत कमाई ने इसे मलयालम सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया है। उपलब्ध कारोबार आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का दुनियाभर का सकल कारोबार 251.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
सैकनिल्क के अनुसार, ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ ने पहले दिन 4.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पहले सप्ताह में फिल्म ने 52.30 करोड़ रुपये और दूसरे सप्ताह में 49.85 करोड़ रुपये कमाए।
तीसरे सप्ताह में भी फिल्म की रफ्तार कायम रही। 15वें दिन फिल्म ने 6.15 करोड़ रुपये, जबकि 16वें दिन शनिवार को 5.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का शुद्ध कारोबार बढक़र 113.95 करोड़ रुपये हो गया।
फिल्म के कारोबार और मुनाफे की बात करें तो कोईमोई के अनुसार, ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ का निर्माण करीब 30 करोड़ रुपये के बजट में किया गया है। फिल्म ने विदेशों में लगभग 117 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 251.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इस हिसाब से फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले 738.83 प्रतिशत का मुनाफा कमाया है।
फिल्म की यह सफलता मलयालम सिनेमा के लिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि सीमित बजट में बनी फिल्म ने बड़े स्तर पर दर्शकों को आकर्षित किया है।
‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ अब मलयालम सिनेमा की तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इस दौरान फिल्म ने ‘वाझा 2’, ‘मंजुमल बॉय’ और ‘दृश्यम 3’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की कमाई अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में इसके कारोबार में और वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी बीच यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का मलयालम बाजार में प्रदर्शन ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ की तुलना में कमजोर नजर आ रहा है। सैकनिल्क के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ ने मलयालम भाषा में 11 दिनों में महज 2.31 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
हालांकि, अन्य भाषाओं में फिल्म का प्रदर्शन बेहतर रहा है। इसके हिंदी संस्करण ने 147.35 करोड़ रुपये, कन्नड़ संस्करण ने 58.42 करोड़ रुपये, तमिल संस्करण ने 9.93 करोड़ रुपये और तेलुगु संस्करण ने 25.32 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ का निर्देशन गिरिश एडी ने किया है। फिल्म में ममिता बैजू मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा संगीत प्रताप, श्याम मोहन, सुरेश कृष्णा और विनय फोर्ट सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
फिल्म का निर्माण फहाद फासिल समेत अन्य निर्माताओं ने किया है। रोमांस और पारिवारिक भावनाओं पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यही वजह है कि रिलीज के तीसरे सप्ताह में भी फिल्म की कमाई मजबूत बनी हुई है और यह मलयालम सिनेमा की बड़ी व्यावसायिक सफलताओं में शामिल हो गई है।

Previous articleवीर पहाडिय़ा की फिल्म प्रेम कीटाणु का ऐलान, 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
Next articleबॉक्स ऑफिस पर मिर्जापुर की दहाड़, हनुमान अंश ने 30वें दिन मारी सबसे बड़ी छलांग