किर्गिस्तान में पुतिन-मोदी की मुलाकात, दोनों लीडर गले मिले

Join Us

बिश्केक (ए.)। किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की मुलाकात हुई। यह बैठक करीब 10 मिनट चली। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। दोनों देशों की द्विपक्षीय बैठक में यूक्रेन युद्ध समेत वैश्विक हालात और भारत-रूस संबंधों पर चर्चा हुई। मोदी ने पुतिन से कहा- दुनिया को कभी न खत्म होने वाले युद्धों से आगे बढक़र उन्हें खत्म करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। भारत भी शांति की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों का समर्थन करता है।पुतिन से मुलाकात के दौरान मोदी ने उन्हें सितंबर में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भी दिया। इसके बाद दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठकर 6वें वल्र्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन में पहुंचे। इससे पहले मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान समेत कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात की। बिश्केक में हो रहे एससीओ शिखर सम्मेलन में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान और ईरान समेत 10 सदस्य देशों के नेता शामिल हो रहे हैं।
एससीओ समिट: रूसी सेना में भारतीयों की भर्ती के मुद्दे पर मिसरी का जवाब
रूसी सेना में काम कर रहे भारतीयों के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा, हमारे नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किए जाने का मुद्दा भारत और रूस के बीच कई स्तरों पर और कई बार उठाया गया है। मॉस्को में हमारा दूतावास इन भारतीय नागरिकों की रिहाई और उन्हें वापस लाने के मामले पर लगातार नजर रख रहा है। मिसरी ने कहा-हम रूसी पक्ष के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं ताकि बचे हुए मामलों में लोगों को जल्द से जल्द सेवा से मुक्त कराया जा सके और उन्हें उनके परिवारों के पास वापस भेजा जा सके।
मिसरी ने बताया- आखिरी जानकारी के अनुसार 227 ऐसे भारतीय नागरिकों के बारे में पता चला था जिन्हें रूसी सेना में भर्ती किया गया था। इनमें से 139 नागरिकों को सेवा से मुक्त किए जाने की जानकारी हमें मिली है। दुर्भाग्य से, हमें 51 ऐसे लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है जिनकी अब तक मौत हो चुकी है। यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर हम रूसी पक्ष के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं।

Previous articleकोई जादुई छड़ी मौजूद नहीं
Next articleग्रेटर नोएडा में स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, चालक और कंडक्टर गिरफ्तार