नई दिल्ली, (आरएनएस)। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 31 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के संयुक्त दीक्षांत समारोह-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति निफ्ट की आधिकारिक विजिटर भी हैं। इस संयुक्त समारोह में देशभर के 18 निफ्ट परिसरों से उत्तीर्ण विद्यार्थी एक साथ शामिल होकर अपनी डिग्री प्राप्त करने की उपलब्धि का उत्सव मनाएंगे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सृजनात्मकता, समर्पण और विभिन्न उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह सहित अन्य विशिष्ट गणमान्य व्यक्ति, निफ्ट के शासी मंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, विद्वान और उत्तीर्ण विद्यार्थी मौजूद रहेंगे।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक
समारोह में निफ्ट के विभिन्न परिसरों और पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक पाठ्यक्रम में सर्वाधिक संचयी ग्रेड बिंदु औसत (सीजीपीए) प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, प्रतिभा और शैक्षणिक उपलब्धियों की पहचान के रूप में दिया जाएगा।संयुक्त दीक्षांत समारोह के बाद निफ्ट के विभिन्न परिसरों में परिसरवार डिग्री वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे।
\न समारोहों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन से पेशेवर जीवन की ओर बढऩे की नई यात्रा की शुरुआत होगी।
1986 में हुई थी निफ्ट की स्थापना
भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना वर्ष 1986 में हुई थी। यह एक सांविधिक संस्थान है और इसका संचालन निफ्ट अधिनियम, 2006 के तहत किया जाता है। पिछले कई दशकों में निफ्ट देश में फैशन शिक्षा के प्रमुख संस्थानों में अपनी पहचान बना चुका है।
निफ्ट पारंपरिक कला एवं शिल्प, शैक्षणिक ज्ञान, डिजाइन नवाचार, प्रौद्योगिकी, सृजनात्मक सोच और उद्योग जगत के साथ सहभागिता को एक साथ जोडक़र विद्यार्थियों को आधुनिक फैशन एवं सृजनात्मक क्षेत्रों के लिए तैयार करता है।
देशभर में 20 परिसर
निफ्ट के देशभर में 20 पेशेवर ढंग से प्रबंधित परिसर हैं। संस्थान विद्यार्थियों के लिए समावेशी और गतिशील शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर देता है। यहां युवा प्रतिभाओं को ज्ञान, कौशल और सृजनात्मक क्षमताओं से सुसज्जित किया जाता है, ताकि वे देश के फैशन और सृजनात्मक उद्योगों में प्रभावी योगदान दे सकें।
नई पीढ़ी के सृजनात्मक प्रतिभाओं का उत्सव
निफ्ट संयुक्त दीक्षांत समारोह-2026 ऐसे विद्यार्थियों की पीढ़ी की उपलब्धियों का उत्सव होगा, जिन्होंने विचारों को संभावनाओं में बदलने और सृजनात्मकता को प्रभावशाली परिणामों में बदलने का हुनर सीखा है। संस्थान से निकलने वाले विद्यार्थी अपने साथ नए विचारों, सार्थक समाधान और नए आख्यान गढऩे का आत्मविश्वास लेकर पेशेवर दुनिया में प्रवेश करेंगे।
निफ्ट में विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा का औपचारिक रूप से समापन भले ही हो रहा है, लेकिन उनकी कल्पनाशीलता, नवाचार और उत्कृष्टता की यात्रा अब शुरू होगी। यह समारोह केवल उपलब्धियों के सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि फैशन, डिजाइन और सृजनात्मक क्षेत्रों के भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
विकसित भारत के सृजनात्मक परिदृश्य में योगदान की उम्मीद
निफ्ट से उत्तीर्ण होने वाला यह बैच भारत के फैशन और सृजनात्मक क्षेत्रों में नए आख्यान गढऩे के लिए तैयार है। विद्यार्थियों की प्रतिभा, उद्यमशीलता और दूरदृष्टि से देश के अधिक सृजनात्मक, नवोन्मेषी और वैश्विक रूप से जुड़े सृजनात्मक पारितंत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
संयुक्त दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की अब तक की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का अवसर भी बनेगा। निफ्ट की सृजनात्मकता और उत्कृष्टता की भावना से प्रेरित यह युवा पीढ़ी आने वाले समय में भारत के फैशन, डिजाइन और सृजनात्मक उद्योगों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
00








