जशपुर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कुल 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये और वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती का मूल्य करीब तीन करोड़ रुपये है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना कुनकुरी क्षेत्र में दो और थाना नारायणपुर क्षेत्र में एक मामले में की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 20(बी)(2)सी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कुनकुरी में 494 किलो गांजा बरामद
थाना कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त को तडक़े करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से बिना नंबर की एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने थाना परिसर के सामने वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो व्यक्ति मिले। पूछताछ में उनकी पहचान अनवर अंसारी (45), निवासी नेकरा, थाना अंगडे, जिला रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी (26), निवासी दादर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई।
पुलिस ने वाहन की डाला की तलाशी ली तो सब्जियों की ट्रे के नीचे छह बोरियां छिपाकर रखी मिलीं। बोरियों में पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें करीब 246 किलोग्राम गांजा पाया गया। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
पीछा करने पर कार छोडक़र भागा चालक
इसी दौरान पुलिस टीम के सामने से बिना नंबर की एक संदिग्ध सेल्टोस कार तेज गति से गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देखकर चालक सालियाटोली के पास कार छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 20 बैगों में रखे 120 पैकेट मिले। इनमें करीब 248 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा और वाहन जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
इस प्रकार अकेले कुनकुरी थाना क्षेत्र से कुल 494 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल दो वाहन जब्त किए गए।
नारायणपुर में कार से 26 किलो गांजा बरामद
इसी अभियान के तहत थाना नारायणपुर पुलिस को 27 अगस्त को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी-33सी-5625 में गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर कार को रोका और तलाशी ली। कार की डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेट मिले, जिनमें करीब 26 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कार में सवार दोनों आरोपियों को मौके पर हिरासत में ले लिया गया। उनकी पहचान कमल किशोर ओझा (56), निवासी शिवपुरी, मध्य प्रदेश और अनिता सोनी (35), निवासी शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक तस्करी की कड़ी खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में किस व्यक्ति या स्थान से लिया गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, आपूर्तिकर्ताओं और गांजा प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
करीब तीन करोड़ रुपये की जब्ती
जशपुर पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में कुल 520 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए तीन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
इस तरह पुलिस ने कुल करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जशपुर निमितेश सिंह और पुलिस उपाधीक्षक जशपुर शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
कुनकुरी थाना की कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, ईश्वर प्रसाद वारले, पुलिस उप निरीक्षक नीलमणि निषाद, देविका मंडावी, आरक्षक मुर्शीद आलम और चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नारायणपुर थाना की कार्रवाई में निरीक्षक कोमल नेताम, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरन पटेल, आरक्षक योगेश भगत, अविनाश खलखो, महिला आरक्षक अलमा खाखा, नगर सैनिक ओम प्रकाश और वीरेंद्र भगत शामिल रहे।
नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
जशपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








