तलाक और दूसरी शादी की अफवाहों पर भडक़े गोविंदा, फर्जी खबरें फैलाने वालों को भेजा नोटिस; 100 करोड़ के मानहानि की चेतावनी

Join Us

मुंबई , (आरएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके बारे में फैलाई जा रही अफवाहों और भ्रामक खबरों पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता के निजी जीवन, खासकर उनकी कथित कोर्ट मैरिज और तलाक से जुड़ी खबरों को लेकर एक सार्वजनिक कानूनी नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस उन सभी व्यक्तियों और संस्थानों को चेतावनी देता है जो झूठी जानकारी फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
अफवाहों और भ्रामक खबरों पर रोक लगाने की मांग
गोविंदा की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस में मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, कंटेंट क्रिएटर्स और आम लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अभिनेता या उनके परिवार से संबंधित किसी भी तरह की झूठी, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण सामग्री न बनाएं और न ही प्रसारित करें। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों का खंडन किया गया है, जिनमें रानी स्वर्णकार के साथ गोविंदा की कथित कोर्ट मैरिज का दावा किया जा रहा था। इसके अलावा, हाल ही में पत्नी सुनीता आहूजा के साथ तलाक की उड़ी अफवाहों को भी पूरी तरह से खारिज किया गया है। अभिनेता ने साफ किया है कि उनके निजी और पारिवारिक जीवन के बारे में बिना उचित पुष्टि के खबरें न छापी जाएं।
एआई और डीपफेक सामग्री का उपयोग
नोटिस में केवल सामान्य सोशल मीडिया पोस्ट ही नहीं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जरिए बनाई गई भ्रामक सामग्री का भी जिक्र किया गया है। इसमें विशेष रूप से मॉर्फ्ड तस्वीरें, डीपफेक वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग शामिल हैं। गोविंदा की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि उन्होंने किसी को भी अपनी आवाज़, तस्वीर या पहचान का डिजिटल तकनीक के माध्यम से उपयोग या हेरफेर करने की अनुमति नहीं दी है। इस तरह की सामग्री को निजता का उल्लंघन और साइबर अपराध माना जाएगा।
100 करोड़ रुपये तक के मानहानि का दावा
इस नोटिस के माध्यम से गोविंदा ने सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। नोटिस में कहा गया है कि झूठी खबरें और भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (2023) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (2000) के तहत दीवानी और आपराधिक मामले दर्ज किए जा सकते हैं। इसके साथ ही, दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ 100 करोड़ रुपये तक के मानहानि के दावे की भी चेतावनी दी गई है। बैंक खातों पर रोक, संपत्ति की खरीद-बिक्री पर पाबंदी और पासपोर्ट जब्त करने जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
00

 

Previous articleस्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, एच-1,एन-1 के 1,777 से ज्यादा मामले; सरकार ने जारी की एडवाइजरी
Next articleबंगाल की खाड़ी में डूबा कार्गो जहाज: विमान से खोज एवं बचाव अभियान जारी, 2 क्रू मेंबर्स बचाए