मध्य प्रदेश के 12 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, टीकमगढ़-पन्ना-नरसिंहपुर में 8 इंच तक गिर सकता है पानी

Join Us

भोपाल, (ए .) । मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय है। टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक अति भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, आज जबलपुर समेत 12 जिलों में ढाई से 4 इंच तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के ऊपर 18 अगस्त को सक्रिय हुआ अवदाब पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का मुख्य केंद्र बना हुआ है। इसके चलते 19 अगस्त को विंध्य, बुंदेलखंड और महाकौशल में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश का असर धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ सकता है।टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। रायसेन, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मंडला, शहडोल, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना और छतरपुर में भी भारी बारिश की चेतावनी है। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदेश में अब तक 22.6 इंच बारिश

मौसम केंद्र के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक 573.1 मिमी यानी 22.6 इंच बारिश दर्ज हुई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 651.4 मिमी यानी 25.6 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में सामान्य से 16 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। तेज बारिश का दौर जारी रहा तो प्रदेश बारिश के सामान्य कोटे के करीब पहुंच सकता है।

40 जिलों में बारिश की कमी

पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में 19 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी और टीकमगढ़ में 4 से 58 प्रतिशत तक बारिश की कमी है। वहीं पश्चिमी हिस्से के 21 जिलों में सामान्य से 5 से 39 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

15 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी

अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और गुना में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। 00

Previous articleअसम में बाढ़ से 115 गांवों के 23876 नागरिक प्रभावित