हवा में अचानक फेल हुआ इंडिगो विमान का इंजन, 224 यात्रियों की अटकी सांसें; चेन्नई एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी

Join Us

चेन्नई ,12 अगस्त ,(आरएनएस)। आसमान का सीना चीरते हुए अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे एक यात्री विमान में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब लैंडिंग से कुछ ही देर पहले उसका एक इंजन अचानक बंद हो गया। मौत को इतने करीब देखकर विमान में सवार 224 यात्रियों की सांसें हवा में ही अटक गईं। यह रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में हुआ। हवा में आई इस बड़ी और जानलेवा तकनीकी खराबी के तुरंत बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई, जिससे पूरे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए।
लैंडिंग से ऐन पहले पायलट के उड़े होश
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात कोलकाता से उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6श्व-723 चेन्नई आ रही थी। इस विमान में 224 लोग सवार थे और सब कुछ सामान्य गति से चल रहा था। विमान अपने निर्धारित समय रात 11.30 बजे एयरपोर्ट पर लैंड करने ही वाला था। लेकिन नीचे उतरने की तैयारियों के बीच पायलट को अचानक पता चला कि विमान का बायां इंजन पूरी तरह से फेल हो चुका है। इस खौफनाक जानकारी के मिलते ही पायलट ने बिना समय गंवाए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को आपातकालीन संदेश भेजा और 11 अगस्त की रात 11.29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
अलर्ट मोड पर एयरपोर्ट, सुरक्षित बची 224 जिंदगियां
एटीसी को इंजन फेल होने का संदेश मिलते ही पूरे चेन्नई एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया। किसी भी बड़ी त्रासदी से निपटने के लिए एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत अपना इमरजेंसी रिस्पॉन्स उपाय शुरू कर दिया और फायर ब्रिगेड से लेकर मेडिकल टीमों को रनवे के पास तैनात कर दिया गया। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और भारी दहशत के बीच रात 11:37 बजे विमान को रनवे 25 पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान के पहियों ने जैसे ही सुरक्षित जमीन को छुआ, उसमें सवार सभी 224 लोगों ने राहत की लंबी सांस ली। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आने और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद, रात 11:47 बजे एयरपोर्ट से फुल इमरजेंसी हटा ली गई और सभी कामकाज फिर से सामान्य हो गए।

Previous articleनाबालिग को 3 महीने किया ‘डिजिटल अरेस्ट’, फिर बंधक बनाकर किया रेप और चाकू से किए 20 वार, आरोपी गिरफ्तार
Next articleटाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने दिया इस्तीफा, 18 अगस्त की एजीएम से पहले बड़ा फैसला