राजधानी के नीलबड़ समेत कई क्षेत्रों में धड़ल्ले से जारी अवैध प्लाटिंग, प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद सक्रिय भू-माफिया

Join Us

भोपाल (निप्र)। राजधानी भोपाल के नीलबड़, रातीबड़ और आसपास के कई क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के बावजूद भू-माफिया और अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, भोले-भाले लोगों को आकर्षक ब्रोशर और बड़े-बड़े वादों के माध्यम से प्लॉट बेचने का खेल जारी है। कॉलोनियों के प्रचार में चौड़ी सड़कें, पेयजल, बिजली, सीवेज लाइन, पार्क, मंदिर और अन्य आधुनिक सुविधाओं का दावा किया जाता है, लेकिन वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग दिखाई देती है। अधिकांश स्थानों पर इन मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे प्लॉट खरीदने वाले लोगों को बाद में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कुछ समय पूर्व रामेश्वर शर्मा ने अवैध कॉलोनियों और नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन ने कुछ स्थानों पर कार्रवाई भी की, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इसका स्थायी प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। कई क्षेत्रों में आज भी बिना आवश्यक स्वीकृतियों के नई कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं और मनमाने दामों पर प्लॉट बेचे जा रहे हैं।

नीलबड़ क्षेत्र के नाथू बरखेड़ा, वार्ड-26 की कलखेड़ा रोड, मेंडोरी ग्राम, साक्षी ढाबा के आसपास, रातीबड़ रोड तथा अन्य कई इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसी कॉलोनियां विकसित होने की चर्चा है, जहां वैधानिक अनुमतियों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में हजारों परिवारों को सड़क, बिजली, पानी, सीवेज और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध प्लाटिंग करने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए आम लोगों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleशिव विहार कॉलोनी की बदहाल सडक़ पर शुरू हुआ जीएसबी बिछाने का कार्य