दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश से मचेगी तबाही! आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम, केरल और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर आई बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया है। असम और केरल में बाढ़ एवं बारिश से अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 1.25 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने एक बार फिर देश के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर सोमवार 10 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार 7 अगस्त को देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, असम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने कई स्थानों पर नारंगी चेतावनी और अधिकांश क्षेत्रों के लिए पीली चेतावनी जारी की है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली के सभी जिलों के लिए भारी बारिश की पीली चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, डोडा, उधमपुर, कठुआ, सांबा, जम्मू, मीरपुर, राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने पीली चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और बिलासपुर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने 12 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, देहरादून, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं हरियाणा के यमुनानगर, सोनीपत, झज्जर, भिवानी क्षेत्र, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इन जिलों के लिए भी मौसम विभाग ने पीली चेतावनी जारी की है।
लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित राज्यों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleअग्नि-4 का सफल परीक्षण, मध्यम दूरी की भारतीय बैलिस्टिक मिसाइल