संविधान, शिक्षा और भारत के भविष्य के लिए लड़े नौजवान, प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात के बाद बोले राहुल गांधी

Join Us

नईदिल्ली,(आरएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को 10 जनपथ पर हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर और देश के अन्य राज्यों में हुए प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्रों से मुलाकात की. इसके बाद राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान राहुल गांधी के साथ वायरल गर्ल रिया अहीर भी नजर आईं. राहुल गांधी ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के हमारे प्रदर्शनकारियों से आज मेरी मुलाकात हुई. इसके साथ ही उन्होंने देश के नौजवानों का आभार भी जताया।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं देश के हजारों नौजवानों का धन्यवाद करना चाहता हूं कि वे संविधान के लिए लड़े, शिक्षा में सुधार के लिए लड़े, भारत के भविष्य के लिए लड़े. कांग्रेस सांसद ने कहा कि छात्रों के साथ हुई मुलाकात का मुख्य मुद्दा हिंसा था वायलेंस था. इनका कहना है कि इन्होंने किसी पर हिंसा नहीं की लेकिन इनका लगातार उत्पीडऩ किया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद ने कहा, इनको धमकाया गया, इन पर लाठियां चलाई गईं. इनको मारा गया. राहुल गांधी ने कहा, मुझे बहुत अच्छा लगा जो मुख्य बात इन्होंने बोली कि जब अन्याय होता है चाहे किसी और पर भी अन्याय होता है नागरिक होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस व्यक्ति की रक्षा करें. राहुल गांधी ने कहा ये मुझे संवैधानिक और राष्ट्रीय मूल्य लगते हैं. मुझे सभी नौजवानों पर गर्व है. आपने कुछ भी गलत नहीं किया।

आपको किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है. आपने कुछ भी गलत नहीं किया.
राहुल गांधी ने कहा कि 15 साल की बच्ची से जबरदस्त माफी मंगवाना और फिर उसे माफ करना स्वीकार करने लायक नहीं है. कांग्रेस सांसद ने कहा कि हम चाहते हैं एजुकेशन सिस्टम काम करे, हम चाहते हैं परीक्षाओं के पेपर लीक होना बंद हो, हम इस देश के भविष्य को बचाने वालों की सुरक्षा चाहते हैं.
इस दौरान वायरल गर्ल रिया अहीर ने कहा, मैं वो लडक़ी हूं जो मुंबई पुलिस के सामने आ गई थी. आप सब कह रहे हैं कि ये वो लडक़ी है जो वायरल हो गई है जिसने मुंबई पुलिस को रोका था, लेकिन मैं मीडिया से ये कहना चाहूंगी कि मैं वो लडक़ी हूं जिन्होंने 20 बच्चों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लेने से रोका था. इसलिए कृपया अपनी राय बदलिए.
वायरल गर्ल रिया अहीर ने कहा कि जो भी मैंने किया उसके लिए मेरा बहुत उत्पीडऩ किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसे मैं ट्रोलिंग नहीं बोलूंगी क्योंकि ये क्राइम है. उन्होंने कहा कि आम लोग ही नहीं बल्कि पार्टियों के कार्यकर्ता भी मेरे बारे में पोस्ट लगा रहे हैं कि मैं जो कुछ भी कर रही हूं को पैसों के लिए कर रही हूं. उन्होंने कहा कि उनके दिमाग में कितनी गंदगी भरी हुई है जो मुझे ये बोल रहे हैं रिया अहीर ने कहा कि 27 तारीख को मैंने शिकायत की थी लेकिन आज 5 तारीख के बाद भी मेरे पास एफआईआर की कॉपी नहीं आई है. उन्होंने कहा कि ना ये बेटियों को पढऩे दे रहे हैं और ना ये बेटियों को बचने दे रहे हैं.
००

 

Previous articleमेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने बाल-पोर्नोग्राफी और प्लेटफॉर्म संचालन में गलतियों के लिए माफी मांगी
Next articleबिना इंश्योरेंस गाड़ी को नहीं मिलेगा पेट्रोल! सुप्रीम कोर्ट का बड़ा सुझाव, थर्ड-पार्टी बीमा अवधि भी बढ़ाई