फुकेट-दिल्ली एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस, कुछ यात्री और क्रू मेंबर मामूली घायल; टला बड़ा हादसा

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। हवा में उड़ते विमान में सफर के दौरान झटके लगना किसी भी यात्री के लिए बेहद डरावना अनुभव हो सकता है. कुछ ऐसा ही खौफनाक मंजर 4 अगस्त को एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में देखने को मिला. फुकेट से भारत की राजधानी दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2379 अचानक रास्ते में हवा के तेज दबाव यानी टर्बुलेंस की चपेट में आ गई. इस घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों की सांसें अटक गईं और कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. एयरलाइन ने आधिकारिक तौर पर इस घटना की पुष्टि की है और राहत की बात यह है कि विमान दिल्ली में सुरक्षित लैंड करने में सफल रहा.बताया जा रहा है कि जब विमान अपनी सामान्य ऊंचाई पर क्रूज कर रहा था, तभी अचानक उसे हवा के तेज थपेड़ों और टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा. टर्बुलेंस इतना जोरदार था कि विमान की ऊंचाई में कुछ समय के लिए अचानक मामूली बदलाव आ गया. हवा में आई इस अनहोनी की वजह से सीट पर बैठे यात्रियों और काम कर रहे क्रू मेंबर्स को तेज झटका लगा. विमान में झटका लगते ही कुछ लोग अपनी सीटों से हिल गए और सामान भी इधर-उधर गिर गया. हालांकि कॉकपिट में मौजूद अनुभवी पायलटों ने तुरंत स्थिति को संभाला और विमान को सुरक्षित स्थिति में बनाए रखा।
हवा में आए इस संकट के बावजूद पायलटों ने बेहद सूझबूझ का परिचय दिया और विमान को बिना किसी बड़े नुकसान के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा लिया. विमान के रनवे पर उतरते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली. लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया. ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी की स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों को जरूरी मदद दी.
एयर इंडिया के अनुसार इस घटना में कोई भी यात्री या क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है. हालांकि झटके के कारण कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें जरूर आई हैं. एहतियात के तौर पर प्राथमिक उपचार के लिए सभी प्रभावित लोगों को तुरंत एयरपोर्ट पर बनी मेडिकल फैसिलिटी में भेजा गया. वहां मौजूद एयर इंडिया की मेडिकल टीम और एयरपोर्ट के डॉक्टरों ने उनकी जांच की और आवश्यक इलाज मुहैया कराया. फिलहाल सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है.
इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि हमारे लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और उनका स्वास्थ्य हमेशा से पहली प्राथमिकता रहा है. प्रवक्ता ने बताया कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता और देखभाल दी जा रही है. इसके साथ ही एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया है कि हवा में हुई इस टर्बुलेंस की घटना की गहनता से जांच की जा रही है. एयर इंडिया इस मामले में संबंधित उड्डयन अधिकारियों के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
००

Previous articleहंगामे और विरोध के बीच लोकसभा से पारित हुआ विनियोग विधेयक
Next articleअसम में सीआरपीएफ अधिकारी ने 2 साथियों को गोली से उड़ाया, फिर खुद को भी मारी गोली