भोपाल, (निप्र)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन भोपाल में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने संबोधित किया।इस अवसर पर विधायक हेमंत कटारे, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रवक्तागण मौजूद रहे। मुकेश नायक ने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को जनता का समर्थन बताते हुए दतिया के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम जनता की अपेक्षाओं और मुद्दों से जुड़ा जनादेश है। कांग्रेस जनता से जुड़े विषयों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक महंगाई, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को लेकर चिंतित हैं। कांग्रेस इन विषयों को लेकर अपनी आवाज आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।मुकेश नायक ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि सरकारों को किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।








