राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पीबीजी सोल्जरेथॉन को दिखाई हरी झंडी, सैनिकों के सम्मान और कल्याण का दिया संदेश

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन प्रांगण में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति के अंगरक्षक (पीबीजी) रेजिमेंट द्वारा आयोजित पीबीजी सोल्जरेथॉन को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डॉ. वी.के. सिंह भी उपस्थित रहे, जो इस पहल के संरक्षक हैं। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम की स्मृति में एक विशेष डाक आवरण का भी विमोचन किया। सोल्जरेथॉन का आयोजन दिल्ली छावनी स्थित करियप्पा परेड ग्राउंड में किया गया। सैनिकों के लिए दौड़ें, सैनिकों के साथ दौड़ें की संकल्पना पर आधारित यह आयोजन आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस वर्ष सोल्जरेथॉन की थीम वास्तविक नायक – भारत के सशस्त्र बलों का समर्थन रखी गई है, जिसके माध्यम से देश के सैनिकों के साहस, समर्पण और बलिदान को सम्मान दिया गया तथा नागरिकों से उनके प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया गया।
सोल्जरेथॉन का आयोजन 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में किया गया। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, पूर्व सैनिकों तथा रक्षा कर्मियों ने भाग लेकर सैनिकों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
आयोजकों के अनुसार, सोल्जरेथॉन से प्राप्त राशि का उ पयोग सशस्त्र बलों के पैराप्लेजिक पुनर्वास केंद्र की सहायता, युद्ध में हताहत सैनिकों के परिवारों के कल्याण तथा अन्य सैनिक कल्याण गतिविधियों के लिए किया जाएगा। वहीं, पीबीजी सोल्जरेथॉन का एक प्रमुख उद्देश्य राष्ट्रपति के अंगरक्षक बल के घोड़ों और सैनिकों के रखरखाव एवं सहायता के लिए भी संसाधन जुटाना है।
यह आयोजन सैनिकों और नागरिकों के बीच विश्वास, सम्मान और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Previous articleजैश के संदिग्ध ने रची थी सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली को दहलाने की साजिश! गर्लफ्रेंड के सोशल मीडिया से खुला राज
Next article12 अगस्त को लगने जा रहा पूर्ण सूर्य ग्रहण, 100 साल बाद दिखेगा अद्भुत नजारा