नईदिल्ली(आरएनएस)। दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में रविवार तडक़े भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. राहत की बात ये है कि इस भूकंप के बाद अभी तक कहीं से भी किसी प्रकार के जान या माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है. हालांकि भूकंप के बाद लोग जरूर सहम गए. दिल्ली में आए भूकंप का मुख्य केंद्र राजधानी का उत्तरी जिला रहा. जहां रविवार सुबह 2.9 तीव्रता का भूकंप आया.सबसे पहले रविवार तडक़े राजधानी दिल्ली में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, रविवार तडक़े 4.14 बजे राजधानी दिल्ली में भूकंप आया. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 2.9 दर्ज की गई. इस भूकंप का केंद्र राजधानी के उत्तरी जिला में जमीन के नीचे 8 किमी की गहराई में था। इस भूंकप से कही से भी किसी प्रकार का नुकसान की खबर सामने नहीं आई है. दिल्ली के बाद पूर्वोत्तर के राज्य असम के बरपेटा में भी भूकंप आया. एनसीएस के मुताबिक, ये भूकंप सुबह 5.25 बजे आया. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 2.4 दर्ज की गई. इस भूकंप का केंद्र बरपेटा में जमीन की नीचे 4 किमी की गहराई में था.
इसके बाद पूर्वोत्तर के ही राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. ये भूकंप सुबह 5.38 बजे आया. रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 2.8 दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र तवांग में जमीन के नीचे 5 किमी की गहराई में था. इस भूकंप से भी अभी तक किसी भी प्रकार के जान या माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है.
उधर पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अफगानिस्तान में रात 1.15 बजे भूकंप आया. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.3 दर्ज की गई. अफगानिस्तान में आए भूकंप से भी किसी भी प्रकार के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है.
बता दें कि राजधानी दिल्ली भूकंप के लिए अतिसंवेदनशील है. जहां साल में कई बार भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं. हालांकि इन भूकंप की तीव्रता कम होने की वजह से कोई नुकसान नहीं हुआ है. इसी साल जून में भी दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. ये भूकंप 27 जून की शाम करीब 7 बजकर 4 मिनट पर आया था. अफगानिस्तान में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 दर्ज की गई थी. जिसका असर दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के दूसरे हिस्सों में भी देखने को मिला था.








