चंडीगढ़,(आरएनएस)। पंजाब में पेपर लीक के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) प्रदर्शन कर रही है। चंडीगढ़ में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान छात्रों ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग और जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री बैंस के आवास के बाहर धरना दिया। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ झड़प भी हुईं।
पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष गौरव वीर सिंह सोहल ने कहा, हमें पंजाब के लिए ऐसा भ्रष्ट और नाकाबिल शिक्षा मंत्री नहीं चाहिए। पंजाब के युवा एक काबिल शिक्षा मंत्री चाहते हैं। इस भ्रष्ट आदमी को आज ही इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि उनके कार्यकाल में 6 पेपर लीक हुए। वे अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। युवाओं के साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है, जैसे वे दोयम दर्जे के नागरिक हों। उन्हें पीटा जा रहा है।
आरोप लगे हैं कि हाल ही में फार्मेसी अधिकारी की भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया था। हालांकि, भगवंत मान ने इन आरोपों से इनकार किया है।
शिक्षा मंत्री ने भी कहा कि परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ, बल्कि अभ्यर्थी हाईटेक तरीके से नकल कर रहे थे। उन्होंने इस मामले में हरियाणा के एक युवक को मास्टरमाइंड बताया है।
इस मामले में अब तक 10 अभ्यर्थी और 25 हैंडलर गिरफ्तार किए गए हैं।








