वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े जैसे सितारों से सजी फिल्म है जवानी तो इश्क होना है को 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था. इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी. इन सबके बीच फैंस इस फिल्म की ओटीटी रिलीज का भी इंतजार कर रहे थे. फाइनली इस फिल्म ने डिजिटल डेब्यू कर लिया है. आइए जानते हैं आप है जवानी तो इश्क होना है को ओटीटी पर कहां देख सकते हैं.
है जवानी तो इश्क होना है को जो लोग थिएटर में देखने से चूक गए थे वो अब वरुण धवन स्टारर इस फिल्म को घर बैठे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं. बता दें कि ये फिल्म 31 जुलाई, 2026 से स्ट्रीम होना शुरू हो गई है. इस फिल्म को आप जी5 पर देख सकते हैं. फिल्म की ओटीटी रिलीज का ऐलान करते हुए मेकर्स ने लिखा, एक तरफ एक्स, दूसरी तरफ नेक्स, बीच में जस और फुल ऑन मेस… तो फिर हंगामा, भ्रम और कॉमेडी की गारंटी है. देखिए है जवानी तो इश्क होना है, अब ज़ी5 पर स्ट्रीम हो रही है.
है जवानी तो इश्क होना है का निर्देशन वरुण धवन के पिता और निर्देशक डेविड धवन हैं. इसमें मनीष पॉल, चंकी पांडे, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय, अली असगर, राजेश कुमार, राकेश बेदी, कुब्रा सैत और रोहित सराफ जैसे एक्टर्स भी नजर आए. रमेश तौरानी और गौरव बोस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं.
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, है जवानी तो इश्क होना है ने दुनियाभर में 74.82 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इस फिल्म का बजट 55 करोड़ रुपये था.
है जवानी तो इश्क होना है एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी प्यार, शादी, रिश्तों और उनकी उलझनों के इर्द-गिर्द बुनी गई है. फिल्म में जसविंदर (जस) और बानी की शादी परिवार बढ़ाने को लेकर अलग-अलग सोच के कारण टूट जाती है.
तलाक के बाद जस की जिंदगी में प्रीत की एंट्री होती है और दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं. लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब जस की एक्स वाइफ बानी और उसकी गर्लफ्रेंड प्रीत दोनों एक साथ प्रेग्नेंट हो जाती हैं. इसके बाद जस झूठ, कन्फ्यूजन और फैमिली ड्रामे के ऐसे जाल में फंस जाता है, जिसे फिल्म मजेदार अंदाज में पेश करती है.








