तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के परिवार से जुड़ी कायलविझी के खिलाफ चेन्नई पुलिस ने एसबीआई के एक शाखा प्रबंधक के साथ कथित मारपीट और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, घटना बैंक परिसर में हुई, जहां शाखा प्रबंधक के साथ विवाद के दौरान कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मारा गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 20 जुलाई को चेन्नई के अडयार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एनआरआई शाखा में हुई। शिकायत के अनुसार, कायलविझी शाखा प्रबंधक के कक्ष में बातचीत के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोप है कि विवाद बढऩे पर उन्होंने बैंक प्रबंधक को थप्पड़ मार दिया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसबीआई की ओर से मिली शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में बैंक अधिकारी के साथ मारपीट करने और धमकाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस व्यावसायिक भवन में बैंक की एनआरआई शाखा संचालित हो रही है, वह कथित तौर पर कायलविझी की मालिकाना संपत्ति है। भवन के निरीक्षण के दौरान खराब लिफ्ट को लेकर बैंक प्रबंधन और उनके बीच विवाद हुआ, जो बाद में कथित मारपीट तक पहुंच गया।
शनिवार को घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया है और शिकायतकर्ता के बयान सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है








