अहमदाबाद (आरएनएस)। गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। उत्तर और दक्षिण गुजरात के अनेक इलाकों में तेज बारिश के कारण निचले क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।
राज्य में सबसे अधिक वर्षा बनासकांठा जिले के देवदार तालुका में दर्ज की गई, जहां 1.85 इंच बारिश हुई। इसके अलावा लखनी, धनेरा, राह, ओड, वलसाड के नानापोंधा और नवसारी के खेरगाम सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है।मौसम विभाग के अनुसार, बनासकांठा, पाटन और कच्छ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं अहमदाबाद, गांधीनगर, महेसाणा, राजकोट, सूरत, नवसारी, वलसाड, मोरबी, अमरेली, जूनागढ़ और अन्य कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश का पूर्वानुमान है।मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा और सिक्किम के लिए भी अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से बिहार में 28 से 30 जुलाई, जबकि ओडिशा में 25 से 28 जुलाई के बीच भारी वर्षा की संभावना है।इसके अलावा बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और दक्षिणी समुद्री क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 25 से 29 जुलाई के बीच मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान की आशंका बनी हुई है
00








