असम में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पाकिस्तान के शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े तीन संदिग्ध गिरफ्तार

Join Us

गुवाहाटी ,(आरएनएस)। असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े एक कथित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धुबरी, चिरांग और बारपेटा जिलों में स्थानीय पुलिस की सहायता से संयुक्त अभियान के दौरान की गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों संदिग्ध अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। तलाशी अभियान में उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, डेबिट कार्ड और कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें अवैध और आतंकी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास करता था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से इस नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं।
इससे पहले जुलाई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी शहजाद भट्टी से जुड़े दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। वहीं महाराष्ट्र एटीएस ने पुणे में कई लोगों से पूछताछ की थी, जिनके सोशल मीडिया के जरिए इस नेटवर्क से संपर्क में होने की जानकारी सामने आई थी।
उत्तर प्रदेश में भी इस वर्ष एसटीएफ और एटीएस ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार से इस नेटवर्क से जुड़े कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि ये लोग संवेदनशील प्रतिष्ठानों की रेकी और प्रतिबंधित गतिविधियों की साजिश में शामिल थे।
असम पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Previous articleधर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर विपक्ष का हमला, खरगे बोले- यह छात्रों की जीत और मोदी की जिद की हार
Next articleगुजरात में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल, कई जिले जलमग्न; कई राज्यों में भी भारी वर्षा का अलर्ट