रहमत शाह 5 अगस्त से आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शुरू होने वाली 5 मैचों की सीरीज में पहली बार अफगानिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी करेंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने इस सीरीज के लिए टीम घोषित की है, जिसमें अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को नहीं चुना गया है। दूसरी तरफ फजलहक फारुखी अपनी जगह बनाने में सफल हुए हैं। आइए अफगानिस्तान की टीम पर एक नजर डालते हैं।
फारुखी के साथ-साथ यामीन अहमदजई को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, चोट के कारण मुजीब उर रहमान टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं।
जून में भारत से मिली 3-0 की हार के बाद, यह सीरीज अफगानिस्तान के लिए एक नई शुरुआत होगी।
एसीबी ने फरीद मलिक और बिलाल सामी को भी नहीं चुना है। ये दोनों खिलाड़ी भारत के खिलाफ हुई पिछली सीरीज में टीम का हिस्सा थे।
इस सीरीज में हशमतुल्लाह शाहिदी कप्तान का पद छोडऩे के बाद एक नियमित खिलाड़ी के तौर पर वापसी करेंगे।
इस सीरीज में रहमत की कप्तानी की परीक्षा रहने वाली है। वह 2021 से अफगानिस्तान के टेस्ट और वनडे टीम के उप-कप्तान रहे हैं।
टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज उप-कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे।
वहीं इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल जैसे खिलाडिय़ों से अफगान टीम मजबूत नजर आ रही है।
वनडे सीरीज के लिए अफगानी टीम: रहमत शाह (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (उपकप्तान, विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), नांग्याल खारोताई, राशिद खान, एएम गजनफर, यामीन अहमदजई, सलीम सफी, फजलहक फारूकी, और जिया उर रहमान शरीफी।
अफगानिस्तान के आयरलैंड दौरे की शुरुआत 5 अगस्त को होने वाले वनडे से होगी। इसके बाद दूसरा मुकाबला 7 अगस्त को होगा। सीरीज के शुरुआती 2 मैच ब्रेडी में खेले जाएंगे।
इसके बाद दोनों टीमें 10, 12 और 15 अगस्त को मैच खेलेंगे।
सीरीज के आखिरी 3 मैच बेलफास्ट में खेले जाएंगे। आयरलैंड की टीम इस सीरीज में अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने का प्रयास करेगी।








