नई दिल्ली (ए.)। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्री अमरनाथ यात्रा को 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने और लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा के दोनों प्रमुख मार्गों—पहलगाम और बालटाल—से 19 जुलाई से यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी जाएगी। मौसम की स्थिति में सुधार और यात्रा मार्गों को सुरक्षित पाए जाने के बाद ही आगे की यात्रा को लेकर निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने और बिना अनुमति संवेदनशील इलाकों की ओर न बढऩे की अपील की है।इस बीच, जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मौसम बिगडऩे की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सडक़ मार्ग बाधित होने का खतरा भी बढ़ गया है।








