सामूहिक आत्महत्या या कुछ और?, एक ही घर में मिली 5 लोगों की लाश, इलाके में मचा हडक़ंप

Join Us

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के मदनी चौक में एक किराये के मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतकों में साजिद अली (50) का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी राबिया, पुत्र इरशाद अली (19), पुत्री शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के शव घर के एक कमरे में मिले। प्रथम दृष्टया आशंका है कि पांचों की मौत किसी विषैले पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे और पिछले करीब आठ महीने से इस मकान में किराये पर रह रहे थे। घटना के कारणों की जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग का काम करते थे। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उन पर कुछ कर्ज भी था। वसूली के लिए रिकवरी एजेंटों का घर पर आना-जाना रहता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

Previous articleबाथरूम में मिले 40 हजार रुपये से खुला राम मंदिर दान चोरी का राज, 80 लाख नकद बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार
Next articleसलमान खान ने किया एसआरए के नए आईटी सेंटर का उद्घाटन, लाभार्थियों को सौंपी घरों की चाबियां