होर्मुज में ईरान ने 2 जहाजों पर किया हमला, एक भारतीय की मौत और 8 घायल

Join Us

होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान के समुद्री क्षेत्र के पास 2 जहाजों पर ईरान ने हमला किया है। इन हमलों में चालक दल में शामिल एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हुए हैं। ये दोनों जहाज संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के थे। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि कि मोंबासा और अल बहिया नाम के 2 जहाजों पर ईरान ने हमला किया, जब वे ओमान की समुद्री सीमा के नजदीक से गुजर रहे थे।
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा, मोंबासा और अल बहिया नाम के जहाजों पर तब हमला हुआ, जब वे ओमान की समुद्री सीमा के अंदर जलडमरूमध्य के दक्षिणी शिपिंग लेन से गुजर रहे थे। मरने वाला भारतीय नागरिक मोंबासा पर तैनात था। घायल हुए 8 लोगों में से 4 को गंभीर चोटें आई हैं; घायलों में 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक थे। दोनों जहाजों पर लगी आग पर काबू पा लिया गया है।
यूएई ने आगे कहा कि उसके तेल जहाजों पर हुए हमले के लिए ईरान जिम्मेदार है और इन हमलों से जहाजों पर आग लग गई और काफी नुकसान हुआ।
यूएई ने कहा, ये अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरा है। हमें बढ़ते तनाव का जवाब देने का पूरा अधिकार है। हमारी सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं और देश की संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही हैं।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि ओमान के कलहत से लगभग 40 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक जहाज पर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ।
जहाज के कैप्टन ने बताया कि इंजन रूम को नुकसान पहुंचा है, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ये यूएई का ही जहाज है। वहीं, ईरान ने दोनों में से किसी भी घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि इन जहाजों ने बार-बार दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज किया, अपने नेविगेशन सिस्टम को बंद कर दिया और निर्देशों के बावजूद होर्मुज से गुजरने का प्रयास किया।
आईआरजीसी ने कहा कि समुद्री चेतावनियों का पालन न करने के बाद 2 दोषी जहाजों को सफलतापूर्वक निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया गया।
आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि आक्रामक दुश्मन के साथ सहयोग से केवल और ज्यादा नुकसान होगा।

Previous articleअमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, ट्रंप बोले- होर्मुज में जहाजों से 20 प्रतिशत शुल्क वसूलेंगे
Next articleब्रिटेन सरकार ने आईआरजीसी समेत 2 ईरानी समूह को आतंकवादी घोषित किया, प्रतिबंध लगाया