नासिक में महिला से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, 15 किमी तक परिवार की कार का पीछा कर डंडों-लोहे की रॉड से हमला

Join Us

महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। इगतपुरी स्थित भावली डैम और झरने के पास घूमने गए एक परिवार पर महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार की कार का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और डंडों व लोहे की रॉड से कार पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को भगवत परिवार भावली डैम और झरने के पास घूमने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने परिवार की एक महिला सदस्य के साथ कथित तौर पर अश्लील इशारे किए, सीटी बजाई और छेड़छाड़ की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी भडक़ गए और उन्हें धमकाने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख परिवार कार में बैठकर वहां से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पीडि़त परिवार का आरोप है कि हमलावर करीब 10 से 15 किलोमीटर तक कार के पीछे लगे रहे और कई जगह उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने लकड़ी के डंडों और लोहे की रॉड से कार पर हमला किया, जिससे कार के शीशे टूट गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
पीडि़त परिवार ने बताया कि उन्होंने किसी तरह जान बचाते हुए वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन लगातार पीछा किए जाने और हमले के कारण पूरा परिवार दहशत में आ गया।
घटना के बाद पीडि़त परिवार की शिकायत के आधार पर नासिक में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मामले की जांच जारी है।

Previous articleपाकिस्तान से लौट रहे अफगान नागरिकों की मदद को आगे आया भारत, पुनर्वास के लिए सौंपे फैमिली टेंट
Next article20 साल का वनवास खत्म, सत्ता बदलते ही कोलकाता लौट रहीं बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन