हैदराबाद ,(आरएनएस)। भारत का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का सपना अब हकीकत में बदलने की दहलीज पर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का निर्माण कार्य बहुत तेजी से चल रहा है। उन्होंने साफ किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का पहला चरण अगले साल (2027) शुरू होने जा रहा है, जिससे भारतीय रेलवे एक नए युग में प्रवेश करेगी। रेल मंत्री ने योजना का खाका पेश करते हुए बताया कि शुरुआत में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर सूरत से बिलिमोरा के बीच पहला सेक्शन चालू किया जाएगा। इसके बाद सिलसिलेवार ढंग से आगे का काम बढ़ाया जाएगा, जिसमें वापी से सूरत, वापी से अहमदाबाद, अहमदाबाद से ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक का पूरा नेटवर्क पूरी तरह सक्रिय कर दिया जाएगा। रेल मंत्रालय द्वारा जारी एक वीडियो में भी इस बात की पुष्टि की गई है कि प्रोजेक्ट अब अपने अगले महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुका है








