मध्य प्रदेश में तीन दिन हल्की बूंदाबांदी के आसार, अगले सप्ताह फिर तेज बारिश का अलर्ट

Join Us

भोपाल(निप्र.)। मध्य प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश से कुछ राहत मिलने वाली है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। आज शनिवार को राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर सहित प्रदेश के सभी 55 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि मौजूदा मौसम प्रणाली कमजोर पड़ रही है, जिसके चलते 11, 12 और 13 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में रिमझिम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 14 जुलाई से कुछ जिलों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले सप्ताह प्रदेश में फिर से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जिसके चलते कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
खरीफ फसलों के लिए राहतभरा मौसम
फिलहाल तेज बारिश का दौर थमना खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद रहेगा। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों के खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई थी, जिससे फसलों में गलन का खतरा बढ़ रहा था। हल्की बारिश का दौर किसानों के लिए राहत लेकर आएगा।
प्रदेश में जून के दौरान आंधी और बारिश का सिलसिला बना रहा, लेकिन इसके बावजूद महीने के अंत तक सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई थी। हालांकि जुलाई के शुरुआती नौ दिनों में हुई अच्छी बारिश ने यह कमी पूरी कर दी और अब प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।अब तक प्रदेश में कुल 240 मिलीमीटर (करीब 9.5 इंच) बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य औसत 222.1 मिलीमीटर (करीब 8.8 इंच) है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 8 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 24 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

Previous articleलाड़ली बहनों को मिलेगी 38वीं किश्त की सौगात, मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज भिंड के लहार में करेंगे राशि अन्तरण
Next articleपानी की किल्लत से ग्रस्त