देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियां उफान पर हैं, सडक़ें जलमग्न हो गई हैं और कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह बाधित है।
महाराष्ट्र के नासिक, मुंबई और पुणे में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। नासिक में गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में दो गांवों को जोडऩे वाला पुल और सडक़ तेज बहाव में बह गए हैं। यह मार्ग प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर की परिक्रमा का हिस्सा भी था। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की एंट्री अगले दो दिनों के लिए रोक दी है।
गुजरात के सूरत और नवसारी में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। निचले क्षेत्रों में पानी भरने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
राजस्थान के जोधपुर समेत कई शहरों में भारी बारिश के कारण सडक़ें नदी का रूप ले चुकी हैं। जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में लगातार बारिश के बीच एक पांच मंजिला इमारत ढह गई। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील








