मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

Join Us

भोपाल, (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी रफ्तार से सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश के कारण पन्ना, छतरपुर, खंडवा समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
कई स्थानों पर सडक़ संपर्क बाधित हो गया, जबकि नदियां उफान पर रहीं। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, भोपाल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और सिंगरौली में हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

खजुराहो में रास्ते बंद, पन्ना में जलभराव

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा। इंदौर के खुड़ैल रोड स्थित जेतकारण गांव में सडक़ धंसने से स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, छतरपुर के खजुराहो और पन्ना सहित कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात देखने को मिले।

मंगलवार को प्रदेश के 29 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक पौने दो इंच वर्षा छतरपुर के खजुराहो में रिकॉर्ड की गई। धार में डेढ़ इंच से अधिक, राजगढ़ में सवा इंच, रतलाम और उज्जैन में पौन इंच तथा भोपाल, सागर और खरगोन में आधा इंच बारिश दर्ज की गई।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेशभर में मौसम सुहावना हो गया है और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पांच प्रमुख शहरों में इंदौर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर का 30.6 डिग्री, भोपाल का 31 डिग्री, उज्जैन का 31.5 डिग्री और ग्वालियर का 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्योपुर में सबसे अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि मलाजखंड सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सिवनी, धार, नौगांव, दमोह, खंडवा, सागर, बैतूल, छिंदवाड़ा, खरगोन, टीकमगढ़ और सतना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

Previous articleराम मंदिर चढ़ावा गबन : अखिलेश बोले- भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता खो दी है
Next articleमुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए उफनती नदी पार करने को मजबूर ग्रामीण