महाराष्ट्र में भारी बारिश से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद; ट्रेनें ठप, 10 की मौत

Join Us

मुंबई,(आरएनएस)। महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश ने मुंबई और पुणे के बीच आवागमन को लगभग ठप कर दिया है। यहां मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रात से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से भूस्खलन हो गया, जिससे नवनिर्मित मिसिंग लिंक की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और झरना बहने लगा। बारिश के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराने पुणे-मुंबई राजमार्ग पर सोमवार को आवागमन बंद है। रेल मार्ग भी बाधित है। एक हफ्ते में बारिश से मुंबई में 10 जान जा चुकी है। राज्य राजमार्ग पुलिस ने बताया कि भूस्खलन एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक खंड के पुणे से मुंबई जाने वाले मार्ग पर स्थित खंडाला निकासी पर हुआ है। भूस्खलन से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और पानी सुरंग में भर गया। राजमार्ग पर एक पेड़ गिरने से बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई, जिससे मार्ग को बंद करना पड़ा। पुलिस ने पुणे-मुंबई और मुंबई-पुणे दोनों दिशाओं में यातायात अगली सूचना तक रोका है और नागरिकों से यात्रा रद्द करने की अपील की है।मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तडक़े लगभग 3.05 बजे, कर्जत-लोनावला भोर घाट खंड में ठाकुरवाड़ी के पास, खंडाला और मंकी हिल के बीच भूस्खलन हुआ है। रायगढ़ जिले में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच भूस्खलन के कारण 16 ट्रेनें रद्द हैं और कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया। रद्द की गई ट्रेनों में सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस और धुले एक्सप्रेस शामिल हैं।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को बारिश की संभावना देखते हुए मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है । बारिश के कारण मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर जिलों के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम द्वारा संचालित स्कूलों और कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी है। महाराष्ट्र राज्य सडक़ विकास निगम (एमएसआरडीसी) ने पुणे-मुंबई और मुंबई-पुणे राजमार्ग पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 7,000 करोड़ के मिसिंग लिंक परियोजना का उद्घाटन 1 मई, 2026 महाराष्ट्र दिवस के दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था। यह 13.3 किलोमीटर लंबा मार्ग खंडाला घाट को बायपास करता है। अब इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।आईएमडी मुंबई ने सोमवार को मुंबई, पालघर, रायगढ़ और ठाणे के कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज हुई है। मुंबई की डब्बावाला एसोसिएशन ने सोमवार को बारिश के कारण अपना काम बंद किया है। रविवार को मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक उड़ानें बाधित थीं।
००

Previous articleसहकारिता मंत्रालय के 5 साल पूरे, पीएम मोदी के फैसले से आंदोलन को मिला नया जीवन : अमित शाह
Next articleमणिपुर के कांगपोकपी में सशस्त्र समूहों की गोलीबारी में मां-बेटी घायल, 3 घरों में आग लगाई