आगरा में महिला ने पति की हत्या कर शव बाथरूम में दफनाया, ऊपर से टाइल्स लगवाई

Join Us

उत्तर प्रदेश के आगरा से हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया। किसी को पता न चले इसके लिए बाथरूम में टाइल्स लगवा दी। करीब डेढ़ महीने तक महिला लोगों को बोलती रही कि उसका पति गुम हो गया है। बीते दिन महिला ने अपने जेठ को सारी कहानी बताई, जिससे मामले का खुलासा हुआ।
यह मामला उत्तर प्रदेश के सिकंदरा इलाके का है। आरोपी महिला का नाम रूबी है। उसकी शादी 2010 में राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार शर्मा से हुई थी। दोनों की 2 बेटियां है। घर में सुरेंद्र के अलावा पत्नी रूबी, मां कमला और दोनों बेटियां रहती थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। इसकी शिकायत आरोपी रूबी ने ही 26 मई को थाने में की थी।
सुरेंद्र के भाई अनिल ने कहा, 18 मई को रूबी ने मुझसे कहा कि घर पर पुलिस दबिश दे रही है इसलिए मां-बच्चियों को ले जाओ। मैं 27 जून को मां को फिर सुरेंद्र के घर से ले आया। उनका बैंक स्टेटमेंट चेक किया, क्योंकि खाते में पेंशन आती थी, जो रूबी खर्च करती थी। 3 जुलाई को रूबी ने मुझे घर बुलाया। मैंने पूछा कि सुरेंद्र कहां है? उसने बताया कि बाथरूम में दफना दिया।
अनिल ने बताया कि सुरेंद्र कुछ कामकाज नहीं करता था और शराब पीता था। इसे लेकर उसका रूबी से झगड़ा होता रहता था। खबरों के मुताबिक, परिवार घरेलू खर्चों के लिए सुरेंद्र की मां की पेंशन पर निर्भर था। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर रूबी ने पुलिस को बताया कि वह बार-बार घरेलू हिंसा का शिकार हुई थी। उसने दावा किया कि 26 मई को सुरेंद्र ने उससे मारपीट की थी, जिसके बाद उसने हत्या की योजना बनाई।
अनिल के जानकारी देने पर पुलिस ने बाथरूम में खुदाई कर कंकाल के अवशेष बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि ये सुरेंद्र के हैं। इसके बाद रूबी को हिरासत में ले लिया गया है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने कहा, महिला द्वारा हत्या कर शव को बाथरूम में गाढऩे का मामला सामने आया है। महिला से पूछताछ कर अन्य तथ्य जानने की कोशिश की जा रही है।

Previous articleराम मंदिर: महाकुंभ के दौरान बढ़ी चंदा चोरी, ट्रस्ट सदस्यों की लड़ाई से खुला मामला
Next articleकानपुर जू से इंदौर जाएगा हिप्पो सतीश, रास्ते में नहाने में खर्च होगा 20 हजार लीटर पानी, बदले में मिलेगी शेरनी वीरा