दिल्ली से देहरादून के बीच अप्रैल में शुरू हुए एक्सप्रेसवे की हालत बिगड़ गई है। सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक वीडियो सामने आया है, जिसमें राजमार्ग पर 2 बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। एक वाहन चालक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार में गुजरती गाडिय़ों को गड्ढों से बचाने के लिए मदद करते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने एक्सप्रेसवे की दुर्दशा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
वीडियो में, वाहन चालक ने दावा किया कि गड्ढों के कारण उसके सामने अब तक 4 से 5 वाहन अपना संतुलन खो बैठे और हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। गड्ढों से टकराने के बाद कम से कम 2 कारों के अलॉय व्हील मुड़ गए। वीडियो में एक वाहन का क्षतिग्रस्त अलॉय व्हील भी दिखाया गया है। यह हालत तब है, जब मानसून की पहली बारिश हुई है। इससे पहले सडक़ की गुणवत्ता पर सवाल उठ चुके हैं।
कांग्रेस ने वीडियो को साझा कर एक्स पर लिखा, नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल, 2026 को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था, लेकिन 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे में 2 महीने बाद ही बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। ये दिखाता है कि इस एक्सप्रेस वे को बनाने में जमकर भ्रष्टाचार और पैसों का बंदरबांट किया गया है। ये पहला ऐसा मामला नहीं है, पूरे देश में सडक़, हाईवे, एयरपोर्ट, पानी टंकी समेत अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर ढह रहा है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की पहाडिय़ों को दिल्ली के और करीब लाने वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। इस 212 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे ने राष्ट्रीय राजधानी से उत्तराखंड के प्रवेश द्वार तक की यात्रा का समय 6 घंटे से घटाकर लगभग 2 घंटे कर दिया है। एक्सप्रेसवे में वन्यजीवों की सुरक्षा का भी दावा किया गया है। मार्ग पर सप्ताहांत में दिल्ली से देहरादून जाने वालों की भारी भीड़ दिख रही है।








