अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल के पहले दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ चुके हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार आगाज करते हुए डबल डिजिट में अपना खाता खोला है। वेलकम टू द जंगल ने अक्षय की ही पिछली रिलीज भूत बंगला के पहले दिन की कमाई के रिकॉर्ड को धूल चटा दी है। हालांकि, ये फिल्म अक्षय की ही सुपरहिट फ्रैंचाइजी हाउसफुल की 5वीं किस्त हाउसफुल 5 का रिकॉर्ड तोडऩे में नाकाम रही।
अक्षय की एक्शन-कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल को समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने अपने प्रदर्शन के पहले दिन भारत में 15 करोड़ रुपये का कारोबार किया, वहीं अगर गुरुवार को हुए पेड प्रिव्यूज की कमाई 3.75 करोड़ को भी जोड़ दिया जाए तो भारत में फिल्म की कुल कमाई 18.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। ऑफिशियल आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दुनियाभर में पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 27.60 करोड़ का बिजनेस किया है. उधर हाउसफुल 5 ने पहले दिन 24 करोड़ रुपये कमाए थे।
वेलकम टू द जंगल ने पहले दिन 18 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ भूत बंगला को पीछे छोड़ दिया, जिसने पेड प्रिव्यूज समेत 16 करोड़ का कारोबार किया था। इसके साथ ही फिल्म ने वेलकम फ्रेंचाइजी की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग भी दर्ज की। साल 2007 में रिलीज हुई वेलकम ने पहले दिन 3.35 करोड़, जबकि 2015 में आई वेलकम बैक ने 14.4 करोड़ की ओपनिंग ली थी।
वेलकम टू द जंगल, वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है, जिसका निर्देशन अहमद खान ने किया है। कहानी दिवंगत नीरज वोरा की है, जबकि निर्माण फिरोज नाडियाडवाला ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार डबल रोल में नजर आए हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी और परेश रावल समेत कई सितारे अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म पूरी तरह से अक्षय कुमार के कंधों पर टिकी है। खासकर, अक्षय की अपनी पुरानी हेरा फेरी की टीम यानी परेश रावल, सुनील शेट्टी और राजपाल यादव के साथ जो कमाल की ट्यूनिंग और सहज केमिस्ट्री है, वो इस फिल्म की सबसे बड़ी जान है। इन कलाकारों की पुरानी और जादुई जुगलबंदी दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देती है। भले ही फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली हो, लेकिन अभिनय के मोर्चे पर ये काफी मजबूत नजर आती है।








