अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत आएंगे। वे अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसकी जानकारी दी है। रुबियो ने कहा कि वे खुद राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने और दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। ये ट्रंप की दूसरी भारत यात्रा होगी।
रुबियो ने कहा, हम उम्मीद कर रहे हैं और इसी दिशा में काम कर रहे हैं कि अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति का दौरा हो। मुझे लगता है कि यह बहुत सकारात्मक बात है। भारत, अमेरिका का बहुत करीबी साझेदार और सहयोगी हैं और प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बीच संबंध बहुत गहरे हैं, जो मुझे लगता है कि कूटनीति में बहुत अहम है। मैं खुद राष्ट्रपति के दौरे की व्यवस्था करने का इंतजार कर रहा हूं।
अगर ट्रंप भारत आते हैं, तो ये उनकी फरवरी 2020 के बाद पहली भारत यात्रा होगी। साथ ही दूसरी बार राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा भी होगी। ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आखिरी मुलाकात इसी महीने फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। ये बीते 16 महीनों में दोनों नेताओं की पहली द्विपक्षीय बैठक थी। ट्रंप साल 2020 में अहमदाबाद में अपनी पहली भारत यात्रा पर आए थे।
रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे उनके प्रशंसक हैं और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का श्रेय उन्हें ही देते हैं। उन्होंने कहा, हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके द्वारा किए गए कार्यों के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। मोदी ने भारत को वैश्विक शक्ति बनाया है। भारत के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं। भारत और अमेरिका ऊर्जा सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
यह प्रस्तावित यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। रुबियो ने कहा, मुझे लगता है कि सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। प्रधानमंत्री के साथ हमारी शानदार बैठक हुई। राष्ट्रपति ने जी-7 सम्मेलन में भी ऐसा ही किया था। हम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं। हम इसे पूरा करने के अंतिम चरण में हैं और स्थिति बहुत सकारात्मक है।








