भारत-अमेरिका के बीच २ दिन की बैठक में व्यापार-समझौते पर नहीं बनी बात

Join Us

अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर २ दिन से केंद्र सरकार के प्रतिनिधिमंडल से कई दौर की बातचीत कर चुका है, लेकिन अभी तक कोई बात नहीं बनी है। अमेरिकी टीम व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर की अगुआई में २२ जून को दिल्ली आई और २४ जून तक रही। इस दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ उनकी बातचीत हुई। बातचीत के बाद भी अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर कोई नतीजा नहीं निकला।
वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि अमेरिकी दौरा संतुलित और पारस्परिक लाभकारी भारत-अमेरिका बीटीए को आगे बढ़ाने और ७ फरवरी को हुए अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए महत्वपूर्ण कदम था। बैठक में बेहतर बाजार पहुंच, डिजिटल व्यापार, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला, गैर-टैरिफ बाधाओं में कमी और रणनीतिक क्षेत्रों में विस्तारित सहयोग जैसे बीटीए के प्रमुख तत्वों पर चर्चा हुई। दोनों पक्ष संतुलित, व्यावसायिक रूप से सार्थक और अपने-अपने देशों के किसानों-श्रमिकों-उपभोक्ताओं को ठोस लाभ देने वाला समझौता चाहते हैं।
मंंत्रालय ने बताया है दोनों देश के नेता जल्द से जल्द अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देना चाहते हैं, लेकिन बैठक का नतीजा क्या निकला, इसकी जानकारी नहीं दी। बता दें कि २४ जुलाई को अमेरिका की ओर से लगाया गया अस्थायी १० प्रतिशत टैरिफ की अवधि समाप्त हो रही है। इससे पहले दोनों देशों को किसी नतीजे पर निकलना है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल की समझौते पर बातचीत के लिए भविष्य की वाशिंगटन यात्रा की भी जानकारी नहीं आई है।
अमेरिका-भारत के बीच हुए अंतरिम समझौते में अधिकतर मुद्दे सुलझ गए है। अभी सिर्फ अमेरिकी बाजार में भारतीय वस्तुओं के लिए एक वैध टैरिफ निर्धारण का मुद्दा लंबित है। दरअसल, २० फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भारत सहित सभी देशों से पर लगे टैरिफ को अमान्य घोषित कर दिया था। इसके बाद, दोनों साझेदार एक वैध टैरिफ ढांचे पर पुनर्विचार कर रहे हैं। भारत ऐसा ढांचा चाहता है, जिसमें उसे चीन समेत अपने अन्य प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त हासिल हो।

Previous articleबिल गेट्स ने मानी निजी रिश्तों की बात, जेफरी एपस्टीन पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
Next articleथलाइवर 173 का टाइटल रिवील, कमल हासन की फिल्म धर्मन: द डेडली डॉक्टर से रजनीकांत का फस्र्ट लुक आउट, डॉक्टर के कपड़े और पैरों तले लाश