पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल के हत्याकांड को लेकर अब आरोप-प्रत्यारोप के दौर शुरू हो गया है। आरोपी चेतन चौधरी के पिता बाबुलाल चौधरी ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा है कि झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सिया गोयल खुद को बचाने के लिए उनके बेटे को फंसाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने सिया को कभी नहीं देखा।
बाबुलाल ने कहा, हमने उस लडक़ी को कभी नहीं देखा और उसके बारे में हमें कुछ भी पता नहीं है। दरअसल, मुझे उसका नाम भी कल ही पता चला। मैंने उसे पहले कभी नहीं देखा। मैंने उसे पहली बार पुलिस स्टेशन में देखा। जब मेरी मुलाकात पुलिस स्टेशन में चेतन से हुई, तो उसने बताया कि घटना के समय वो सिया और केतन से काफी दूर खड़ा था।
बाबुलाल ने आगे कहा, हमें नहीं पता कि चेतन उस दिन लोहगढ़ किले में क्यों मौजूद था। उसने हमें यह नहीं बताया कि वह वहां क्यों गया था। मेरा बेटा वैसा नहीं है. वह इस मामले में शामिल नहीं है। मुझे नहीं पता कि उसके और सिया के बीच कोई अफेयर चल रहा था या नहीं। चेतन निर्दोष है और वह हमेशा किराने की दुकान पर काम करने आता था।
चेतन के चाचा उदयराम चौधरी ने भी कहा कि वह निर्दोष हैं। उन्होंने कहा, चेतन एक खिलाड़ी और बेहद सीधा-सादा इंसान है। बाजार में किसी ने भी उनके खिलाफ कभी कोई शिकायत नहीं की है। हमारे परिवार को चेतन और उस लडक़ी के रिश्ते के बारे में कुछ भी नहीं पता। हमें बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। हमें उनसे एक मिनट के लिए मिलने का मौका भी मिला। हमें इस मामले में झूठा फंसाया जा रहा है।
चेतन के वकील राम शाहणे ने भी कहा कि उनके मुवक्किल को इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने कहा, एफआईआर में कथित अपराध में उनकी भूमिका का स्पष्ट वर्णन नहीं है। इसमें केवल इतना कहा गया है कि वह मुख्य आरोपी के प्रेमी हैं और इसी आधार पर उन्हें मामले में फंसाया गया है। हमने पहली रिमांड के दौरान कोर्ट में पहली बार पेश किए जाने के समय भी यही दलील दी थी।
केतन की नवंबर, 2026 में सिया से शादी होने वाली थी। उससे पहले वह मंगेतर सिया का जन्मदिन मनाने लोहगढ़ किले गए थे। केतन 18 जून को सुबह ट्रेकिंग करने निकले और 400 फीट गहरी खाई में गिर गए। उनकी मौके पर मौत हो गई। पहले इसे सामान्य हादसा माना गया, लेकिन अब सिया की साजिश बताई जा रही है, जिसने चौधरी के साथ मिलकर इसे अंजाम दिया था। सिया और चौधरी हत्या और साजिश के आरोप में गिरफ्तार हैं।








