कर्नाटक के मांड्या जिले में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मुथाथी के पास कावेरी नदी में सेल्फी लेते समय 5 लोग डूब गए। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं, जो चन्नापटना के रहने वाले थे। वे मुथाथी में स्थित मुत्तेथराया मंदिर में दर्शन करने आए थे और बाद में नदी तट के पास चले गए। मृतकों में चैत्रा (20), श्वेता (38), विजयम्मा (50), प्रियंका (28) और महेश (30) शामिल हैं।
परिवार ने बेंगलुरु से कार किराए पर लेकर पहले कनकपुरा तालुक के कब्बलू गांव में अपने रिश्तेदारों के घर पर एक कार्यक्रम में गए थे, फिर वे मुथाथी पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना के बाद वे नदी के तट पर सेल्फी लेने पहुंचे। यहां तेज धार में विजयम्मा का पैर फिसल गया और वह डूबने लगी। उनको बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्य भी एक-एक करके पानी में उतरे और डूबते चले गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी महिलाओं को तट पर तैनात होम गार्ड ने चेतावनी दी थी, उसके बाद भी वे पानी में उतरकर सेल्फी लेने चले गए। महिलाओं के डूबने पर कार चालक महेश उनको बचाने दौड़ा, वो भी डूब गया। उनके परिवार के एक सदस्य रवि भी उनको बचाने गए थे, लेकिन उनको स्थानीय लोगों ने किसी तरह डूबने से बचा लिया। परिवार में शामिल रवि और 4 वर्षीय बच्चा बच गए हैं। बच्चा नदी किनारे बैठा था।








