कृति सैनन, शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना स्टारर रॉम-कॉम फिल्म कॉकटेल 2 ने बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड शानदार प्रदर्शन किया. सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने तीसरे दिन के अंत तक वर्ल्डवाइड 76.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस किया, जिसमें भारत में 57 करोड़ रुपये और विदेशों में 19.25 करोड़ रुपये शामिल हैं. 31,542 शो में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 47.50 करोड़ रुपये रहा.
फिल्म ने अपने पहले सप्ताहांत में लगातार अच्छी कमाई की. पहले शुक्रवार को इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ने 16.20 करोड़ रुपये का ग्रास कलेक्शन और 13.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. शनिवार को इसने 19.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 16.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. रविवार को यह आंकड़ा बढक़र 21.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 17.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हुआ.
वीकेंड के अंत तक, फिल्म का भारत में कुल सकल संग्रह 57 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसका नेट कलेक्शन 47.50 करोड़ रुपये था. विदेशों में इसका संग्रह 19.25 करोड़ रुपये रहा, जिससे इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 76.25 करोड़ रुपये हो गया।
रविवार को फिल्म के 10,462 शो हुए, जिनमें से 29 प्रतिशत सिनेमाघरों में दर्शक मौजूद थे. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सबसे अधिक 1,170 शो हुए, उसके बाद मुंबई में 711 और अहमदाबाद में 582 शो हुए.
होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित फिल्म कॉकटेल 2 कुणाल (शाहिद कपूर द्वारा अभिनीत) और दीया (रश्मिका मंदाना द्वारा अभिनीत) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बचपन के प्रेमी हैं. हालांकि उनके बीच गहरा रिश्ता है, लेकिन वे शादी करने को लेकर हिचकिचाते हैं. सिसिली में छुट्टियां बिताने के दौरान उनकी जिंदगी में एक अनएक्सपेक्टेड मोड़ आता है, जहां उनकी मुलाकात दीया की करीबी दोस्त एली (कृति सैनन द्वारा अभिनीत) से होती है, जो उन्हें अपनी सफर की योजना रद्द करके उसके साथ समय बिताने के लिए मना लेती है. जो एक बढिय़ा हॉलीडे से शुरू होता है, वह जल्द ही एक इमोशनल सफर में बदल जाता है. जैसे-जैसे असुरक्षाएं उभरने लगती हैं, दीया कुणाल की सच्ची भावनाओं पर सवाल उठाने लगती है और सोचने लगती है कि क्या वह उससे प्यार के कारण शादी कर रहा है या केवल कर्तव्य की भावना से. कॉकटेल 2 बीती 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई.








