भोपाल। लघुकथा दिवस के अवसर पर लघुकथा शोध केंद्र समिति, भोपाल द्वारा हिंदी भवन में ‘अखिल भारतीय लघुकथा अधिवेशन एवं शोध गोष्ठी’ का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में देश भर के साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शहर के जाने-माने लेखक एवं स्वतंत्र पत्रकार राजकुमार बरुआ को उनके हिंदी भाषा और साहित्य की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘संवाद भारती सम्मान 2026’ से विभूषित किया गया। राजकुमार बरुआ पत्रकारिता एवं लेखन के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम हैं। पिछले कई वर्षों से उनके विचारोत्तेजक और ज्ञानवर्धक आलेख देश के विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में निरंतर प्रकाशित होते रहे हैं। अपनी धारदार और मर्मस्पर्शी लघुकथाओं के माध्यम से वे समाज में सकारात्मकता, समरसता और सामाजिक चेतना का संदेश देने का अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। उन्हें यह सम्मान मिलने पर साहित्य जगत, मीडिया जगत और उनके शुभचिंतकों में हर्ष की लहर है। पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








