कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान पर बिजली गिरी, यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया

Join Us

कोलकाता (आरएनएस)। कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार को आंधी-तूफान के बीच इंडिगो के एक विमान पर आकाशीय बिजली गिर गई. फ्लाइट अगरतला जाने वाली थी. यह जानकारी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने दी. यह घटना क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश के बीच हुई. हालांकि एयरपोर्ट ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर पहले ही मौसम संबंधी चेतावनी जारी कर चुका था.इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ. बताया जाता है कि इंडिगो का विमान 6ई6068 (वीटी-आईपीडब्ल्यू) एयरोब्रिज 56एल पर खड़ा था तभी सुबह करीब साढ़े नौ बजे उस पर बिजली गिर गई. अधिकारी ने बताया कि बिजली गिरने से विमान की विद्युत प्रणाली प्रभावित हुई, जिससे उसकी बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो गई.विमान पर जब बिजली गिरी, उस समय ए320 विमान में 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे. एहतियात के तौर पर इंडिगो एयरलाइन ने यात्रियों को विमान से उतार लिया और बाद में उन्हें ए321 विमान से रवाना किया।
हादसे की वजह से सुबह 9.20 बजे जाने वाली यह फ्लाइट दोपहर 12.50 बजे रवाना हो सकी.
इंडिगो के मुताबिक, इस घटना में दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. अधिकारी ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद उन्हें तत्काल छुट्टी दे दी गई. बता दें कि कोलकाता और उससे सटे जिलों में शुक्रवार सुबह से आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई तथा यातायात प्रभावित हुआ.
००

Previous articleप्रदेश का सर्वांगीण विकास ही शासन का संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleएसआईटी जांच कर रही, दूध का दूध-पानी का पानी होगा: सीएम योगी