मेटा कुणाल शाह के क्रेड में कर सकती है निवेश

Join Us

फेसबुक की मूल कंपनी मेटा भारतीय फिनटेक स्टार्टअप क्रेड में निवेश करने की योजना बना रही है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों कंपनियों के बीच इसको लेकर बातचीत चल रही है। प्रस्तावित डील में क्रेड की वैल्यू करीब 4 अरब डॉलर (लगभग 380 अरब रुपये) आंकी गई है। बताया जा रहा है कि मेटा कंपनी में करोड़ों डॉलर का निवेश कर सकती है। हालांकि, इस संभावित समझौते को लेकर अभी किसी भी पक्ष ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मेटा केवल निवेश ही नहीं, बल्कि दूसरे विकल्पों पर भी विचार कर रही है। इनमें कम वैल्यूएशन पर क्रेड का अधिग्रहण करने और कंपनी के संस्थापक कुणाल शाह को किसी संचालन भूमिका में शामिल करने जैसे विकल्प भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, क्रेड को नए पूंजी निवेश की जरूरत है और मेटा ने कंपनी को समर्थन देने की इच्छा दिखाई है। हालांकि, अंतिम रूप से कौन सा रास्ता चुना जाएगा, यह अभी साफ नहीं है।
मेटा की क्रेड में दिलचस्पी के पीछे भारत के डिजिटल पेमेंट बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति को अहम माना जा रहा है। मेटा पहले से व्हाट्सऐप पे के जरिए इस क्षेत्र में मौजूद है, लेकिन वह बड़ी हिस्सेदारी हासिल नहीं कर पाई है। भारत का यूपीआई नेटवर्क हर महीने करीब 23 अरब ट्रांजैक्शन प्रोसेस करता है। इसके बावजूद व्हाट्सऐप पे, क्रेड और दूसरे छोटे खिलाडिय़ों की बाजार हिस्सेदारी अभी भी 1 प्रतिशत से कम बनी हुई है।
2018 में शुरू हुई क्रेड बेहतर क्रेडिट प्रोफाइल वाले ग्राहकों पर फोकस करती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में 2,735 करोड़ रुपये का परिचालन राजस्व दर्ज किया, जो एक साल पहले की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है। इसी दौरान परिचालन घाटा 51 प्रतिशत घटकर 298 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी के मासिक लेनदेन करने वाले यूजर बढक़र 1.26 करोड़ हो गए, जबकि प्लेटफॉर्म पर कुल भुगतान मूल्य 23 प्रतिशत बढक़र 8.5 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

Previous articleबिकवाली के दबाव में खुला शेयर बाजार, आईटी कंपनियों के शेयरों में मंदी से सेंसेक्स 786 अंक डूबा
Next articleशेयर बाजार: आईटी शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही बड़ी गिरावट?