शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा न होने से नाराज कॉकरोच जनता पार्टी 20 जून को फिर से जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की तैयारी में है. इसके लिए दिल्ली पुलिस से परमिशन मांगी गई है. बता दें कि नीट पेपर लीक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 6 जून को जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया था.
इस प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की थी कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन अलग अलग राज्यों में जारी रहेगा. हम दिल्ली के जंतर मंतर पर भी दोबारा धरना प्रदर्शन करेंगे. अब उसी घोषणा को देखते हुए कॉकरोच जनता पार्टी फिर से जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से परमिशन मांग रही है. बता दें कि 6 जून को हुए धरना प्रदर्शन में शामिल होने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुंग भी पहुंचे थे.
इस दौरान सोनम वांगचुंग ने मंच से प्रदर्शन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि मैं सद्भावना और शांति का संदेश लेकर आया हूं. आप सब लोगों ने शांति पूर्वक प्रदर्शन का यह तरीका चुना है इसके लिए आप बधाई के पात्र हैं. शिकायत का यह मुद्दा आपने चुना है. यह प्रदर्शन नहीं आग्रह करने आये हैं. आगे भी हमें उम्मीद है सरकार सकारात्मक काम करेगी. इस्तीफे की बात हो रही है. लेकिन जिम्मेदारी की बात हो. सरकार के निर्णय से हम खुश हैं क्योंकि लोग कहते थे ऐसा होने नहीं देंगे. एजुकेशन का सवाल उठाया है तो क्यों न उठाएं. हमें उम्मीद है कि सरकार सही कदम उठाएगी. आने वाले दिनों में जो हम मांग कर रहे हैं पूरा हो. आगे इसे कैसे लेकर जाना है इस पर चर्चा करेंगे.
इस दौरान सोनम वांगचुंग ने कहा था कि विकसित भारत के कारखाने गांव के विद्यालय हैं, जो भी जन प्रतिनिधि हैं उनके बच्चे सरकारी स्कूल में हो. सिस्टम में बदलाव जब आएगा उनके बच्चों को प्राइवेट स्कूल में नहीं सरकारी स्कूल में हो. इस दौरान सोनम वांगचुंग ने कहा कि पेपर लीक हो रहे हैं. इसलिए जिम्मेदारी तो तय करनी पड़ेगी. सरकार इस पर ध्यान दे. इस दौरान मंच पर जेएनयू छात्र संघ के कई छात्र नेता, आइसा और एसएफआई के भी कई पदाधिकारी मौजूद रहे थे.








