अब महाराष्ट्र में अटक गया दक्षिण-पश्चिम मानसून, 5 से 6 दिन बाद आगे बढ़ेगा

Join Us

इस साल मानसून बार-बार अपनी रफ्तार खोता दिख रहा है। पिछले दिनों 4 जून को केरलम पहुंचने के बाद यह अटक गया था, अब महाराष्ट्र में यह आगे नहीं बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण कोंकण और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में आगे बढ़ गया था, लेकिन अब बाकी हिस्सों में बढऩे की प्रक्रिया कुछ दिन से रुकी हुई है। विभाग ने बताया कि यह अगले 5 से 6 दिन में बढ़ेगी।
आईएमडी ने बयान में कहा, यह देरी बड़े पैमाने पर मौसम की अनुकूल स्थितियों के न होने के कारण हुई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 8 जून को दक्षिण कोंकण और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के आस-पास के इलाकों में आगे बढ़ा। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में इसके आगे बढऩे की प्रक्रिया पिछले कुछ दिनों से रुकी हुई है। अब बारिश 24-25 जून के आस-पास कोंकण क्षेत्र में बढऩे की संभावना है। मौसम की स्थितियों पर लगातार नजऱ रखी जा रही है।”
आईएमडी के मुताबिक, वर्तमान मानसून प्रवाह में अरब सागर से आने वाली तीव्र ऊर्जा की कमी दिख रही है, जो नमी बढ़ाकर वर्षा कराने और मानसून की प्रगति में सहायक होती है। अरब सागर के ऊपर मानसून परिसंचरण से जुड़ी निम्न स्तरीय दक्षिण-पश्चिमी हवाएं कमजोर हो गई हैं, जिससे महाराष्ट्र तट और आंतरिक क्षेत्रों की ओर नमी प्रसार कम हो गया है। पश्चिमी हिंद महासागर और अरब सागर के ऊपर भूमध्य-रेखा के पार बहने वाली हवा भी कमजोर हुई है।
मानसून की प्रगति में रुकावट का असर मुंबई में भी दिखेगा। यहां मानसून के आगमन की तारीख को 2 सप्ताह आगे कर दिया गया है। पहले यह 11 जून निर्धारित था। निजी मौसम पूर्वानुमानकर्ता स्काईमेट ने संकेत दिया है कि यदि वर्तमान वायुमंडलीय स्थितियां बनी रहती हैं तो देरी और भी बढ़ सकती है। बात दें कि मुंबई में 2019 और 2023 में भी मानसून ने काफी इंतजार कराया था। तब 25 जून को मानसून आया था।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleहिमाचल प्रदेश के चंबा में खाई में गिरी बोलेरो, एक गांव के 7 लोगों की मौत