उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक ऐसा सिस्टम को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जो किसी की भी रूह कंपा देगा। जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित मुरादचक गांव में एक छोटी सी गुमटी में पान बेचकर अपने परिवार का पेट पालने वाले सुरेंद्र कश्यप ने जहर (सल्फास) खाकर अपनी जान दे दी। कथित तौर पर सुरेंद्र बिजली विभाग के भारी-भरकम बिल और वसूली के लिए अधिकारियों द्वारा बनाए जा रहे लगातार दबाव से गहरे तनाव में थे। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने सरकारी महकमे की संवेदनहीन कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है।
एक लाख का जुर्माना बढक़र हुआ 1.85 लाख
मिली जानकारी के अनुसार, करीब एक साल पहले बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने सुरेंद्र की छोटी सी पान की दुकान पर छापेमारी की थी। इस सख्त कार्रवाई के बाद उन पर लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना और बकाया बिल थोप दिया गया। रोज कुआं खोदकर पानी पीने वाले एक गरीब पान विक्रेता के लिए यह रकम चुकाना नामुमकिन था। बाद में जब यह मामला तहसील पहुंचा और वसूली के लिए आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी हुई, तो यह बकाया राशि बढक़र लगभग 1 लाख 85 हजार रुपये हो गई।
दफ्तरों के काटे चक्कर, मिली सिर्फ मानसिक प्रताडऩा
परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सुरेंद्र इस बिल को कम कराने और थोड़ी सी मोहलत पाने के लिए लगातार बिजली विभाग और तहसील के अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। लेकिन मदद की गुहार लगा रहे इस गरीब को राहत मिलने के बजाय सिर्फ मानसिक प्रताडऩा झेलनी पड़ी। राजस्व कर्मी और बिजली विभाग के लोग अक्सर उनकी दुकान पर आ धमकते थे और वसूली के लिए धमकाते हुए उनकी रोजी-रोटी का इकलौता साधन (दुकान) बंद कराने की चेतावनी देते थे।
‘मैं मर जाऊं, तो शायद बिल खत्म हो जाएगा’
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक की पत्नी ज्ञानती ने रोते हुए जो बताया, वह हर किसी की आंखें नम कर देगा। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र हमेशा भारी तनाव में रहते थे और अक्सर कहते थे कि अगर मैं मर जाऊं, तो शायद यह बिल और जुर्माना खत्म हो जाएगा। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले ही बदहाल थी, ऊपर से दो जवान बेटियों की शादी की चिंता और हर दिन बढ़ते कर्ज के इस बोझ ने सुरेंद्र की सारी उम्मीदें तोड़ दीं। इस खौफनाक कदम के बाद पूरे गांव में बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश भडक़ा हुआ है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।








