पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय बेटियों की जीत के लिए गंगा पूजन और आरती, फैंस बोले-हरमनप्रीत करेंगी कमाल

Join Us

महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाना है। देशभर में भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ मांगी जा रही है। फैंस ने उम्मीद जताई है कि इस मुकाबले में भारत की बेटियां दमदार प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज करेंगी।
प्रयागराज में भारतीय टीम की जीत के लिए गंगा-पूजन और आरती की गई। इस दौरान फैंस गंगा में उतरे और उनके हाथों में भारतीय टीम की खिलाडिय़ों के पोस्ट नजर आए। वहीं, राजस्थान के चूरू जिले में महिला क्रिकेट फैंस ने ‘आईएएनएस’ के साथ बातचीत करते हुए भारतीय टीम से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
यशोदा नाम की एक फैन ने कहा कि जब भारत और पाकिस्तान की टीमें मैदान पर एक-दूसरे के खिलाफ उतरती हैं, जो रोमांच अपने चरम पर होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस महामुकाबले में हरमनप्रीत कौर बल्ले से शानदार प्रदर्शन करेंगी। वहीं, एक अन्य फैन ने कहा कि इस मुकाबले में टॉस काफी अहम होगा, जो भारतीय टीम को जीतना चाहिए।
एक फैन ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में स्मृति मंधाना का बल्ला चलेगा और वह खूब चौके-छक्के लगाएंगी। वहीं, फैंस ने भारतीय टीम के जीत के नारे भी लगाए। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम का रिकॉर्ड टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 13 मैच भारतीय टीम ने जीते हैं। वहीं, सिर्फ 3 मुकाबलों में पाकिस्तान को जीत नसीब हो सकी है। दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां हरमनप्रीत की सेना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था।
रविवार को भी भारत अपने इस दबदबे को पाकिस्तान के खिलाफ कायम रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। भारतीय टीम को इस मुकाबले में स्मृति मंधाना,शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, गेंदबाजी में रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ की जोड़ी पाकिस्तान की बल्लेबाजों की अग्निपरीक्षा ले सकती है।

Previous articleडोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान के साथ आज शांति समझौता होगा, ईरान ने कहा- तारीख तय नहीं
Next articleन्यूजीलैंड के सबसे महान खिलाडिय़ों में से एक’, प्रधानमंत्री लक्सन ने दी विलियमसन को शानदार करियर पर बधाई