डंपर ने कार को आधा किलोमीटर तक घसीटा, आग का गोला बनी गाड़ी; 2 लोग जिंदा जले

Join Us

मध्य प्रदेश के जबलपुर-मंडला हाईवे पर एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी और उसे करीब आधा किलोमीटर तक सडक़ पर घसीटता ले गया। इस खौफनाक हादसे में कार आग का गोला बन गई और अंदर फंसे दो लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा जबलपुर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर बरेला कस्बे में शारदा मंदिर के पास नागा घाटी में शनिवार शाम को घटित हुआ।
टक्कर के बाद नहीं रुका बेरहम ड्राइवर, घिसटती रही कार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रेत से भरा यह भारी-भरकम डंपर मंडला की तरफ से आ रहा था, जबकि स्कार्पियो कार जबलपुर से मंडला की ओर जा रही थी। नागा घाटी के पास डंपर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में स्कार्पियो को भयंकर टक्कर मार दी। हद तो तब हो गई जब टक्कर मारने के बाद आरोपी ड्राइवर ने गाड़ी रोकने की बजाय उसे भगाना जारी रखा। इस दौरान कार करीब 500 मीटर तक सडक़ पर बुरी तरह घिसटती रही। इसी बीच कार एक अन्य गाड़ी से टकरा गई और चिंगारी उठने से उसमें भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार ने आग के गोले का रूप ले लिया।
आंखों के सामने तड़प-तड़प कर मरे लोग, शिनाख्त में जुटी पुलिस
आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दोनों लोगों को बाहर निकलने का जरा भी मौका नहीं मिला और वे अंदर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौडक़र उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि वे बेबस नजर आए और दोनों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी तुरंत पहचान करना नामुमकिन हो गया है। घटना के बाद आरोपी डंपर चालक अपना वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया है। पुलिस अब कार के चेचिस नंबर और जले हुए हिस्सों की जांच कर मृतकों की पहचान करने में जुटी है, साथ ही फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

Previous articleजिस लडक़े के लिए छोड़ दिया था घर, वो निकला पुताई करने वाला मजदूर; लग्जरी लाइफ के चक्कर में गंवा बैठी सब कुछ
Next articleपटना में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों का बवाल, स्पेशल ट्रेन में की भारी तोडफ़ोड़, लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग से दहला स्टेशन