उत्तराखंड के विकासनगर स्थित बैरागीवाला गांव में दो समुदायों के बीच खेत में पानी लगाने को लेकर हुआ मामूली विवाद एक बड़ी हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस खूनी संघर्ष में एक हिंदू युवक की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में भयंकर बवाल मच गया। घटना से आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में जमकर पथराव किया और आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया। हालात को बेकाबू होता देख प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दी हैं और पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है।
खेत में पानी लगाने से शुरू हुआ खूनी खेल
पुलिस के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ खेत में पानी लगाने को लेकर हुई एक मामूली कहासुनी थी, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि विवाद बढऩे पर कुछ युवकों ने विनोद नाम के युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में एक महिला समेत तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में गांव की गलियों में लाठी-डंडों से लैस लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि चीख-पुकार के बीच महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिख रहे हैं।
हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा, हाईवे किया जाम
युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, तनाव अपने चरम पर पहुंच गया। भारी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता इंसाफ की मांग को लेकर सडक़ों पर उतर आए और नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक समुदाय विशेष देवभूमि का माहौल खराब कर कश्मीर जैसे हालात पैदा करना चाहता है और यह सीधे तौर पर एक हिंदू युवक की मॉब लिंचिंग का मामला है। उग्र भीड़ ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और उनका एनकाउंटर करने की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। इसी बीच भीड़ ने आरोपी पक्ष के घर में आग लगा दी, जिससे स्थिति और भी ज्यादा संवेदनशील हो गई।
विधायक ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, आरोपियों की तलाश तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान तुरंत घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे और उसके बाद बैरागीवाला गांव जाकर पीडि़त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मौके पर मौजूद सहसपुर कोतवाली के थाना प्रभारी को सख्त लहजे में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल गांव में चप्पे-चप्पे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को अहम सुराग मानते हुए हमलावरों की पहचान कर रही है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।








